
- Home
- /
- मुख्य समाचार
- /
- टी20 वर्ल्ड कप की...
टी20 वर्ल्ड कप की ट्रॉफी उठाने के बाद कप्तान सूर्यकुमार यादव ने अब जताई इस बात की इच्छा

नई दिल्ली। टी20 वर्ल्ड कप में भारत ने इतिहास रच दिया है। जो आज तक दुनिया की कोई टीम नहीं कर पाई वो भारतीय टीम ने कर दिखाया है। दरअसल, आज तक घर पर कोई भी टीम ट्रॉफी नहीं जीती थी लेकिन टीम इंडिया ने यह कमाल कर दिखाया है। साथ ही तीन बार कप उठाने वाली पहली टीम भारत बन गई है। फाइनल में न्यूजीलैंड को 96 रनों से हराकर भारत कुल तीसरी बार टी20 वर्ल्ड चैंपियन बना।
भविष्य में आने वाली चुनौतियों की बात की
बता दें कि एमएस धोनी और रोहित शर्मा के बाद सूर्यकुमार यादव टी20 वर्ल्ड कप जीतने वाले तीसरे भारतीय कप्तान हैं। वर्ल्ड कप की ऐतिहासिक जीत के बाद सूर्यकुमार यादव ने कहा कि भारतीय टीम का अगला लक्ष्य ओलंपिक्स में गोल्ड मेडल जीतना है। दरअसल, प्रेस कॉन्फ्रेंस में सूर्यकुमार यादव ने भारतीय टीम की वर्ल्ड कप जीत को ऐतिहासिक बताया, लेकिन साथ ही भविष्य में आने वाली चुनौतियों की बात की।
ओलंपिक्स गोल्ड जीतना है लक्ष्य
वहीं कप्तान सूर्यकुमार यादव ने कहा कि यह जीत बहुत खास है। मगर सबसे बड़ा लक्ष्य ओलंपिक्स हैं, ओलंपिक्स गोल्ड मेडल और उसी साल होने वाले टी20 वर्ल्ड कप को जीतना है। दरअसल, क्रिकेट पहली बार 1900 ओलंपिक्स में खेला गया था लेकिन उसके 128 साल बाद क्रिकेट का खेल Los Angeles Olympics 2028 में वापसी करने वाला है। भारतीय टीम ने 2024 का टी20 वर्ल्ड कप रोहित शर्मा की कप्तानी में जीता था, उसके बाद भारत की टी20 टीम ने आक्रामक दृष्टिकोण से खेलना शुरू किया है।




